पहले मंदिर में घुसा, फिर लोगों पर हमला करने का किया प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)l उपतहसील नित्थर की ग्राम पंचायत देहरा में शनिवार को एक घायल तेंदुए ने ग्रामीणों में दहशत मचा दी। घायल तेंदुआ पहले शुक्रवार रात को बूढ़ा महादेव मंदिर में घुस गया। जब शनिवार सुबह उसे लोगों ने देखा तो तेंदुआ धनाह गांव की ओर चला गया। इस दौरान लोगों पर हमला करने का भी प्रयास किया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू किया।
ग्रामीणों ने शनिवार सुबह घायल अवस्था में एक तेंदुए को महादेव के मंदिर में देखा। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। इसी बीच तेंदुआ धनाह गांव की ओर चला गया। दिन के समय तेंदुआ रास्तों और घरों के आंगन में देखा गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। तेंदुए ने दो महिलाओं पर हमला करने की कोशिश की। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल तेंदुए को रेस्क्यू किया। लोगों का कहना है कि वन विभाग की टीम काफी देर से आई, जिससे डर के साये में रहने को मजबूर हुए। उधर, रेंज अधिकारी वन विभाग नित्थर सोहन लाल नेगी ने बताया कि तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया है। रेस्क्यू टीम रामपुर से पहुंची, इसलिए थोड़ा समय लगा। तेंदुए ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है l