फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला: तिब्बती घोड़ों के बदले दी जाती थीं बुशहर की तलवारें, सदियों पुरानी व्यापारिक विरासत

Sat, 14 Nov 2026 11:44 AM IST
Ankesh Dogra प्रकाश ठाकुर/रामपुर बुशहर।

सार

रामपुर का ऐतिहासिक लवी मेला भारत-तिब्बत के सदियों पुराने व्यापारिक रिश्तों की याद दिलाता है। कभी यहां तिब्बती घोड़ों के बदले बुशहर रियासत की तलवारें दी जाती थीं। मेले में लगी विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से लोग इस अनूठी व्यापारिक परंपरा और ऐतिहासिक संधि के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रामपुर का ऐतिहासिक लवी मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और तिब्बत के सदियों पुराने रिश्तों की जीवंत विरासत है। कभी यहां तिब्बती घोड़ों के बदले बुशहर रियासत की तलवारों का आदान-प्रदान होता था। इसके बाद ऊन, पश्मीना, सेंधा नमक जैसी वस्तुओं का कारोबार भी इस व्यापारिक परंपरा का अहम हिस्सा बना।

विज्ञापन
Trending Videos

इसी ऐतिहासिक व्यापार ने रामपुर को भारत-तिब्बत के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में पहचान दिलाई। लवी मेले में प्रशासन की ओर से इतिहास के झरोखे की प्रदर्शनी सजाई गई है। इस प्रदर्शनी में लोग सदियों पुरानी भारत-तिब्बत व्यापारिक विरासत से रूबरू हो रहे हैं। प्रदर्शनी में इतिहास के प्रोफेसर डॉ. विपिन शर्मा,  डॉ. जय सिंह नेगी और रामपुर कॉलेज के विद्यार्थी भारत-तिब्बत व्यापार के बारे में जानकारी दे रहे हैं। 

इतिहास में बुशहर के राजा केहरी सिंह और तिब्बत में पांचवें दलाईलामा के बीच वर्ष 1679 से 1681 के दौरान हुई संधि को विशेष महत्व दिया जाता है। इस संधि को दर्शाने वाले भित्तिचित्र में तिब्बती घोड़ों के बदले बुशहर की तलवारों के आदान-प्रदान का दृश्य अंकित है। यह दोनों क्षेत्रों के बीच स्थापित व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है।
 

इतिहास के प्रोफेसर डॉ. विपिन शर्मा, डॉ. जय सिंह नेगी ने बताया कि इस संधि ने हिमालय पार व्यापार को व्यवस्थित करने और रामपुर में वार्षिक मेले की परंपरा को मजबूत आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस समय तिब्बत से व्यापारी याक की ऊन, पश्मीना, सेंधा नमक लेकर रामपुर पहुंचते थे। ऊन और पश्मीना की मांग दूरदराज के बाजारों में भी रहती थी। वहीं, नमक पहाड़ी क्षेत्रों की जरूरतों से जुड़ी महत्वपूर्ण वस्तु था। व्यापारी कई बार नकदी के बजाय वस्तुओं की अदला-बदली के माध्यम से कारोबार करते थे। इसके बदले उन्हें अनाज, गुड़, कपड़ा, धातु से बनी वस्तुएं और अन्य जरूरत का सामान मिलता था।

घोड़ों, याक और खच्चरों के काफिलों के साथ पहुंचते थे व्यापारी 
वर्ष 1911 के बुशहर स्टेट गजेटियर में भी तिब्बत के साथ होने वाले व्यापार और रामपुर में पहुंचने वाली वस्तुओं का उल्लेख मिलता है। उस समय दूर-दराज के क्षेत्रों से व्यापारी घोड़ों, याक और खच्चरों के काफिलों के साथ रामपुर पहुंचते थे। कई दिनों तक चलने वाले इस व्यापारिक जमावड़े से पूरा क्षेत्र गुलजार रहता था। समय के साथ भारत-तिब्बत के पारंपरिक व्यापारिक मार्गों पर आवाजाही बंद होने से यह पुराना कारोबार समाप्त हो गया। हालांकि लवी मेले की ऐतिहासिक पहचान आज भी उसी व्यापारिक विरासत से जुड़ी हुई है। आज मेले का स्वरूप बदल चुका है, लेकिन तिब्बती घोड़ों के बदले बुशहर की तलवारों से शुरू हुई व्यापारिक कहानी रामपुर के इतिहास में आज भी विशेष स्थान रखती है।
विज्ञापन

पुराने समय में पदम स्कूल मैदान में लगता था मेला 
पुराने समय में लवी मेले का आयोजन पदम राजकीय स्कूल मैदान में होता था। मेले के दौरान आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से महिलाएं पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सज-धजकर खरीदारी करने पहुंचती थीं। मेले में महिलाओं के लिए ऊन और रोज-मर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहती थीं। समय के साथ मेले का स्वरूप बदला है, लेकिन लवी मेला आज भी रामपुर की पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना हुआ है।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें