ऊपरी पहाड़ी के बार-बार दरकने से बाधित एनएच बहाली कार्य हो रहा प्रभावित
विज्ञापन
मटर सहित अन्य नकदी फसलों को स्पेन के माध्यम से पहुंचाया जा रहा, दुमती मार्ग बहाली में जुटी मशीन पर गिरे बोल्डर, बाल बाल बचा ऑपरेटर
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। जिले के निगुलसरी में एनएच-पांच बुधवार को भूस्खलन के कारण फिर बाधित हो गया। इससे हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, ऊपरी पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण बाधित एनएच को बहाल करना चुनौती बना हुआ है। बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बाधित एनएच को बहाल करने में जुटी मशीन पर बोल्डर गिर गए और मशीन क्षतिग्रस्त हो गई। ऑपरेटर भी बाल-बाल बचा। गौर हो कि बीते कई दिनों से निगुलसरी में एनएच-पांच ऊपरी पहाड़ी के दरकने से अवरुद्ध हो रहा है। यातायात ठप होने से जिले के हजारों लोगों को आवाजाही करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार देर शाम सात बजे को भी निगुलसरी में एनएच-पांच पर ऊपरी पहाड़ी से भूस्खलन होने का सिलसिला जारी हुआ। बुधवार को भी दिनभर भूस्खलन का सिलसिला जारी रहा। इस कारण इस मार्ग पर वाहनों के पहिये पूरी तरह से जाम हो गए हैं। बार-बार हो रहे भूस्खलन के कारण एनएच बहाल करने का कार्य बाधित होता रहा है। वहीं, बारिश होने से भी कार्य में रुकावटें पेश आई। सुबह साढ़े छह बजे मशीन पर बोल्डर आने से क्षगिग्रस्त हो गई, जिसमें ऑपेरटर बाल-बाल बचा। उसके बाद दूसरी मशीन लगाई गई। निगुलसरी में स्पेन के माध्यम से मटर सहित अन्य नकदी फसलों को दुमती पहुंचाया जा रहा है। ऊपरी पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा के लिहाज से एनएच के दोनों तरफ बैरिकेड्स लगाए गए हैं। लोगों को राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच क्रांपे से आधा किलोमीटर खड़ी चढ़ाई चढ़कर सफर करना पड़ रहा है और तरांडा पुराना तिब्बत मार्ग पर पहुंच रहे हैं। यहां से तीन किलोमीटर का सफर वाहनों के माध्यम से किया जा रहा है और एनएच पांच पर निगुलसरी पहुंच रहे हैं। बहरहाल, एनएच पांच बंद होने से जिले के हजारों लोगों की दुश्वारियां बरकरार हैं और सफर जोखिमों भरा बना हुआ है।
एनएच को बहाल करने में आ रहीं दिक्कतें
बार-बार हो रहे भूस्खलन के कारण एनएच को बहाल करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। मार्ग बहाल करने में मशीन जुटी हुई है। जल्द ही बाधित एनएच को बहाल कर दिया जाएगा। सतीश जोशी, कनिष्ठ अभियंता एनएच प्राधिकरण