अंडर-14 छात्र और छात्रों ने चार स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्र एवं छात्राओं की खेल प्रतियोगिताओं में किन्नौर जिले ने शानदार प्रदर्शन किया है। खेल एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक अरुण गौतम ने बताया कि राज्य स्तरीय अंडर-14 बालक और बालिकाओं की प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मंडी में हुई बास्केटबाल प्रतियोगिता में जिले की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। चंबा में आयोजित बॉक्सिंग में खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। धर्मशाला में आयोजित कुराश प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।
इसके अलावा नादौन में आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में किन्नौर ने द्वितीय स्थान, लोकनृत्य (बालिका वर्ग) में तृतीय स्थान और एकांकी (बालिका वर्ग) में भी तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा नादौन फुटबाल प्रतियोगिता में जिले की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। अरुण गौतम ने उत्कृष्ट उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी।