कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन का ऐतिहासिक चार साला जातरा मेला एक सितंबर से शुरू होगा। मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को कोटेश्वर महादेव मंदिर कमेटी और स्थानीय प्रशासन ने एसडीएम कुमारसैन धर्मपाल चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रशासन के समक्ष मेले से जुड़े विभिन्न मुद्दे को उठाया। एसडीएम कुमारसैन धर्मपाल चौधरी ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी।
मेले में जितने भी लोग देवता साहिब के दर्शन करने के लिए आएंगे उन्हें कोई समस्या न आए, इसके लिए प्रशासन मंदिर कमेटी के साथ हर प्रकार का सहयोग करेगा। डीएसपी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि मेले मेें ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कुमारसैन बाजार में यातायात को वनवे रखा जाएगा।
मंदिर कमेटी के प्रधान हिमेंद्र शोनिक और उपप्रधान शेर सिंह ने बताया कि जातरा मेला सात दिनों तक चलेगा। ऐतिहासिक चार साला जातरा मेला में स्थानीय चार देवता विराजमान होंगे। इसमें कोटेश्वर महादेव, बूढ़ा देवता, मारेछ देवता और मलेंडू देवता है, जो अपने देवठू सहित जातरा मेले में शिरकत करेंगे। इस बार मेले में दलाश के देवता साहिब विशेष मेहमान होंगे।