नित्थर में आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम को लेकर विभागधिकारियों को दिशा निर्देश देते एसडीएम
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी(कुल्लू)। आनी विधानसभा में 23वां जनमंच कार्यक्रम 12 सितंबर को नित्थर में आयोजित होगा। नित्थर स्कूल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जल शक्ति, राजस्व, बागवानी और सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बुधवार को एसडीएम आनी कुलदीप पटियाल ने अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया।
एसडीएम ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि 3 सितंबर के बाद प्री जनमंच का आयोजन किया जाएगा। निरमंड विकास खंड के तहत आने वाली पंचायत घाटू के लिए 3 सितंबर, 4 को नित्थर और देहरा में और 6 सितंबर को लोट और शिल्ली पंचायत में प्री जनमंच होंगे। आनी विकास खंड की पंचायत पलेही में 7 सितंबर और 8 सिंतबर को कुठेड़ में प्री जनमंच का आयोजन होगा। इन पंचायतों के पंचायत घरों प्री जनमंच का आयोजन किया जाएगा।
जनमंच कार्यक्रम में शिकायतें दर्ज करने और समाधान पाने के लिए 2 सितंबर के बाद संबंधित पंचायतों के लोग पंचायत सचिव और ई-समाधान के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। एसडीएम पटयाल ने पंचायतों के लोगों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें।