मुख्यातिथि ने विजेता टीम को 51 हजार व टॉफी से नवाजा
निखिल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, सूरज कायथ चुने सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जीएमसी क्रिकेट एसोसिएशन मझाली द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता पर जगूणी की टीम ने अपना कब्जा जमाया है। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची 32 टीमों ने दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता का खिताबी मुकालबा ब्लैक कैप जगूणी और ब्लैक पैंथर कलेडा के मध्य खेला गया। जगूणी की टीम ने पहले खेलते हुए 113 रन बनाए, जिसमें प्रवीन डमालू ने शानदार 53 रन की पारी खेली। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलेडा की टीम 95 रन पर ढेर हो गई। कलेडा टीम की ओर से सूरज कायथ ने ताबड़तोड़ 79 रनों की पारी खेली लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर निखिल को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। वहीं सूरज कायथ को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और शशि शुक्ला को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में दलीप सिंह बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। मुख्यातिथि ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए क्लब को बधाई दी और युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने युवक मंडल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को छिपी हुई प्रतिभा निखारने का मौका मिलता है और भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिलता है। मुख्यातिथि ने विजेता टीम को 51 हजार की नकद राशि व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 25 हजार व ट्रॉफी से सम्मानित किया।
इस मौके पर क्लब के प्रधान योगराज कंटू, एसडी कंटू, जेएस नेगी, कपिल मेहता, हंसराज, संदीप, पप्पू, डीके, प्रवीन, मनोज, दिनेश, अनिल, कुशाल, दलीप, अशोक, निटू, आशु, महिला मंडल अध्यक्षा लीला देवी, प्रोमिला चौहान और पुष्पा देवी सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद