जल शक्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से किया आह्वान, पंचायतें को भेजे पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। गर्मियों का मौसम आ गया है और ऐसे में पेयजल स्रोतों में पानी की कमी होती है। पेयजल की बर्बादी करते हुए यदि कोई उपभोक्ता पाया गया तो जल शक्ति विभाग उन उपभोक्ताओं के पेयजल कनेक्शन काट देगा। विभाग ने इस बारे में आम लोगों सहित विभाग के कनिष्ठ अभियंता और पंचायतों को पत्र जारी कर पेयजल को बचाने और बर्बादी रोकने का आह्वान किया है। जल शक्ति विभाग कुमारसैन के सहायक अभियंता कैलाश भारद्वाज ने कहा कि गर्मियों के मौसम में पेयजल किल्लत की समस्या पेश आती है। ऐसे में सभी लोगों को पेयजल के महत्व को समझना चाहिए और उन्होंने पेयजल का दुरुपयोग न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और पेयजल स्रोतों में बढ़ती गर्मी के साथ पानी की कमी होना शुरू हो जाती है, जिससे पेयजल आपूर्ति में बाधा होती है।
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से निवेदन किया है कि वे पेयजल का उपयोग किफायती तौर पर करें और दुरुपयोग न करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता पानी का दुरुपयोग करता पाया गया तो उसका कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के काट दिया जाएगा, जिसके लिए कनिष्ठ अभियंता अधिकृत है। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत निजी नल के लिए बिछाई गई पाइपलाइन का लीक होना, जल भंडारण से पानी का व्यर्थ बहना, पेयजल से भवन निर्माण खेत या क्यारी में सिंचाई करना, नल से रबड़ की पाइप का प्रयोग करना, निजी नल या सार्वजनिक नल से टुल्लु पंप जोड़ना, बिना स्वीकृति के अतिरिक्त नलों का पाया जाना, वर्षा के पानी को एकत्रित करने के लिए बने टैंको में सरकारी पाइपलाइन से पानी जोड़ना जैसे मामलों पर संज्ञान लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि काटे गए कनेक्शन को दोबारा जोड़ने के लिए अधिशासी अभियंता मंडल मतियाना को इस आशय का हल्फिया बयान देना होगा कि आप पानी का दुरुपयोग दोबारा नहीं करेंगे, जिसके लिए उपभोक्ताओं को फिर से कनेक्शन फीस का भुगतान करना होगा।