ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ज्यूरी कॉलोनी में आबादी के बीच बाहर से आने वालों लोगों के लिए बनाए गए संस्थागत क्वारंटीन सेंटर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग उठाई जा रही है। सामाजिक कल्याण समिति, व्यापार मंडल और ज्यूरी कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने सोमवार को एडीसी शिमला अपूर्व देवगन और एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन से मिल कर मांग की है कि इस सेंटर को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। यहां पर जो क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है, वो आबादी के बिल्कुल बीच में बनाया गया है। इस ब्लॉक से होकर चारों ओर को रास्ते हैं। इस ब्लॉक को बंद करने के लिए कोई स्थायी गेट की व्यवस्था भी नहीं है। क्वारंटीन किए गए जवान कमरे के अंदर न रह कर बॉलकानी और आंगन में घूमते रहते हैं। ऐसे में वायरस का हवा से आसपास के लोगों को भी संक्रमित होने का खतरा बना हुआ है।
कहा कि यह सेंटर आबादी के बीच में सेंटर के दोनों ओर सड़क और ब्लॉक के साथ रास्ते भी हैं। लगातार आ रहे पॉजिटिव केसों के कारण आसपास में रह रहे लोगों में भी डर का माहौल है। आसपास में महामारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। एडीसी शिमला और एसडीएम रामपुर ने लोगों को आश्वासन दिया कि यहां रह रहे लोगों को बाहर बिल्कुल भी नहीं निकलने दिया जाएगा और दूसरे विकल्प पर भी विचार किया जाएगा।
इस मौके पर व्यापार मंडल ज्यूरी के प्रधान जय प्रकाश धंगल, सचिव सुनील शर्मा, कोषाध्यक्ष अरुण शर्मा, सामाजिक कल्याण समिति उप प्रधान सुदर्शन सहगल, कोषाध्यक्ष राज कांता और कृष्ण चंद सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।