सभी मिड-डे मील वर्करों को करनी होगी किचन गार्डन की देखरेख
विभाग की ओर हाल ही में किए गए निरीक्षण पाई गई थी खामियां
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को ताजा सब्जियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए किंचन गार्डन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए है। विभाग की ओर हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान यह सामने आया है कि कई स्कूलों में किचन गार्डन की हालत खस्ता है और वहां अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्कूल प्रबंधन इन किचन गार्डन की देखरेख में लापरवाही बरत रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए अब स्कूल प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि वे किचन गार्डन में जल्द से जल्द मौसमी सब्जियां उगाना सुनिश्चित करें। नए निर्देशों के अनुसार अब सभी मिड-डे मील वर्करों को अनिवार्य रूप से किचन गार्डन की देखरेख करनी होगी। इससे न केवल बच्चों को पौष्टिक और केमिकल मुक्त सब्जियां मिलेंगी, बल्कि स्कूलों में उपलब्ध खाली भूमि का भी सही उपयोग हो सकेगा।
उधर, एमडीएम जिला नोडल अधिकारी राजकुमार पराशर ने बताया कि जहां अभी तक किचन गार्डन पर काम शुरू नहीं किया गया है। आने वाले समय में फिर से निरीक्षण किया जाएगा और जिन स्कूलों में निर्देशों का पालन नहीं पाया गया, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इन दिनों स्कूलों के किचन गार्डन में मौसमी सब्जियों जैसे बीन, टमाटर, शिमला मिर्च, गोभी, धनियां समेत अन्य को लगा सकते है। इसमें स्कूल के ईको क्लब के विद्यार्थियों का सहयोग भी इस कार्य के लिए जा सकता है। इसमें उन्हें भी इसके बारे में जानकारी मिलेगी।