संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। रिकांगपिओ में ट्रेजरी विभाग में बुधवार रात ड्यूटी के दौरान सीने में दर्द होने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई है। हालांकि होमगार्ड के अन्य जवानों ने उसे रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात साढ़े ग्यारह बजे ट्रेजरी विभाग में रात को ड्यूटी करते हुए सीने में दर्द उठने के कारण होमगार्ड के जवान की मौत हो गया। सूचना मिलते ही तुरंत होमगार्ड के अन्य जवानों ने गुरदयाल (53) वर्षीय कामरु निवासी को रात्रि के समय क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ पहुंचाया। मगर यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। जवान का वीरवार सुबह क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में पोस्टमार्टम करके शव उनके परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार होमगार्ड जवान के तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटियों की शादी हो चुकी है लेकिन बेटे की अभी शादी नहीं हुई है। होमगार्ड फर्स्ट बटालियन किन्नौर के कमांडेंट खुशाल चंद ने बताया कि ऑन ड्यूटी पर जवान की मौत हो गई है। फौरी राहत के तौर पर परिजनों को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि होमगार्ड के वेलफेयर फंड से जवान के परिवार को 15 हजार रुपये प्रदान किया जाएगा। सीएमओ किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारजनों को सौंप दिया गया है।