संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में 33वें बाल विज्ञान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में 24 विद्यालयों के करीब 165 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नवाचार का प्रदर्शन किया। सम्मेलन का शुभारंभ सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अमर चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। सेवानिवृत्त शिक्षक लाल सिंह ठाकुर और श्यामानंद विशेष अतिथि रहे। अमर चौहान ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जमा दो की टॉपर छात्रा स्नेहा को पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी। विशेष अतिथि श्यामानंद ने कविता के माध्यम से विज्ञान के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं को सामने रखा। प्रवक्ता प्रवीण मेहता ने विज्ञान और अध्यात्म के संतुलन पर विचार प्रस्तुत किए। समन्वयक धर्मेंद्र वर्मा ने अतिथियों का स्वागत कर सम्मेलन की रूपरेखा बताई। प्रधानाचार्य शालू ठाकुर ने विद्यार्थियों को आइंस्टीन, न्यूटन और थॉमस एडिसन जैसे महान वैज्ञानिकों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। सम्मेलन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साइंस प्रश्नोत्तरी के जूनियर वर्ग में एचएमएस आनी ने पहला स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में एलपीएस आनी और सीनियर सेकेंडरी वर्ग में पीएम श्री आनी विजेता रहे। मॉडल प्रदर्शनी के जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में जीएसएसएस दलाश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गणित ओलंपियाड में जूनियर और सीनियर सेकेंडरी वर्ग में पीएम श्री आनी ने पहला स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में एलपीएस चुआई विजेता रहा। साइंस एक्टिविटी कॉर्नर के जूनियर, सीनियर और सीनियर सेकेंडरी तीनों वर्गों में एचएमएस आनी ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्या शालू ठाकुर ने कहा कि वैज्ञानिक जिज्ञासा, नवाचार और नई सोच विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में निर्णायकों, प्रश्नोत्तरी मास्टरों, शिक्षकों और एनएसएस स्वयंसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा