रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश पावर कार्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ सोमवार को सरस्वती सदन हाटकोटी में विशेष बैठक की। बैठक में क्षेत्र के कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर जरूरी निर्देश भी दिए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि आंटीगली, चौरी कॉलोनी और चामसु नाला की सड़कों में पिछले कई साल से टायरिंग नहीं हुई है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रोजेक्ट के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उक्त तीनों मार्गों पर तुरंत टायरिंग का कार्य शुरू किया जाए। साथ ही इन तीनों सड़कों का रख-रखाव कार्य लोक निर्माण विभाग को सौंपने की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इसकी सारी औपचारिकताएं पूरी करने के भी निर्देश दिए। तीनों सड़कों का निर्माण हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने करवाया था। उन्होंने लाडा की राशि तुरंत जारी करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सावड़ा कुड्डू परियोजना से उत्पादन का एक फीसदी हिस्सा प्रभावितों के ऊपर खर्च किया जाए। उन्होंने प्रोजेक्ट प्रशासन को आदेश दिए कि डैम व पावर हाउस साई के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दिया जाए। इसके बायो फेंसिंग के लिए प्रशासन कार्य करें। कैबिनेट मंत्री ने बिशकल्टी में मोक्ष धाम के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अस्तु घाट के निर्माण कार्य को भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। हाटकोटी के पास बिशकल्टी और पब्बर के संगम को पवित्र माना जाता है। यहां पर अस्तु प्रवाह के लिए पूरे क्षेत्र से लोग पहुंचते हैं।
चौरी कॉलोनी में डिस्पेंसरी के मामले की मांगी रिपोर्ट
मंत्री रोहित ठाकुर ने स्थानीय लोगों और प्रोजेक्ट के अधिकारियों को चौरी कॉलोनी में डिस्पेंसरी के मामले पर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि जुब्बल कोटखाई क्षेत्र की 90 फीसदी सड़कें पक्की हो चुकी हैं। शेष सड़कों का निर्माण कार्य सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों में समय-समय पर टायरिंग और अन्य मरम्मत कार्य करते रहें। इस मौके पर निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) हिमाचल प्रदेश शिवम प्रताप सिंह, पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के डीजीएम राजन परमार सहित स्थानीय अधिकारी, जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक से पहले मंत्री ने हाटकोटी मंदिर में की पूजा-अर्चना
सोमवार को सुबह हिमाचल पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों के साथ बैठक से पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हाटकोटी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा मंदिर में चल रहे विकास कार्य व प्रस्तावित कार्य को लेकर शीघ्र बैठक बुला कर समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में अपार संभावनाए हैं, इसलिए सरकार इस ओर भी प्रभावी कदम उठाने के लिए प्रयासरत है।
हाटकोटी में बैठक के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर