भूस्खलन से जगह-जगह बाधित हुई सड़कें, आवाजाही हुई मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उपमंडल में बीती रात हुई भारी बारिश के कारण भारी तबाही मची है। जगह-जगह से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण उपमंडल की 16 सड़कों पर वाहनों की रफ्तार रुक गई है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सभी सरकारी व निजी स्कूलों, आईटीआई और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी बाधित सड़कों को युद्धस्तर पर बहाल करने में जुटे हुए हैं। हालांकि, अभी तक किसी प्रकार के बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है लेकिन कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने बंद सड़कों को जल्द बहाल करने के लिए छोटी और बड़ी मशीनें मौके पर तैनात कर दी हैं। साथ ही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। मौसम विभाग की ओर से बारिश का दौर जारी रहने की आशंका जताई गई है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वहीं, लोक निर्माण विभाग का कहना है कि मौसम अनुकूल रहते ही सभी मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने का प्रयास किया जाएगा।
सड़कों को खोलने के दिए निर्देश
ठियोग के एसडीएम शशांक गुप्ता ने बताया कि उपमंडल की 16 सड़कें बारिश और भूस्खलन के कारण बंद हो गई हैं। बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए शिक्षण संस्थान और आईटीआई में एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। सड़कों को खोलने और हालत सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
ये सड़कें हुईं अवरुद्ध
उपमंडल ठियोग में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण बन्नी नाला-रावग, मतियाना-बड़ागांव, क्यार-गुठान, शिलारू-रावग, थनोला नाला-किरी, चियून नाला-कलांटू, रूनकली-चिखड़, संधू-कोटी, लोहराब-सोंथल, टियाली-नानू, धमांदरी-शडयाना, छैला-शलोआ टिक्कर, बलघार-तिहाना धार, कुठार-कन्नौड़ी, टिक्कर-छिनकर धार और करगोली-देहा सड़कें भूस्खलन और मलबा आने के कारण यातायात के लिए ठप पड़ी हैं।