नित्थर (कुल्लू)। लूहरी हाइड्रो परियोजना निर्माण को लेकर जन सुनवाई 28 जनवरी को लोनिवि के विश्राम गृह नित्थर में होगी। बैठक में उपतहसील नित्थर के अंतर्गत आने वाली पंचायतों निथर और देहरा के परियोजना प्रभावित परिवारों की सुनवाई होगी। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एसके पराशर करेंगे।
नित्थर में 18.09.18 हेक्टेयर भूमि पर लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 के 210 मेगावाट के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने अधिसूचना जारी की है। फाटी नित्थर के प्रभावित परिवारों के लिए धारा 16 हिमाचल प्रदेश भूमि अर्जन, पुनर्वास और पुर्नव्यवस्थापन में उचित और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, जिसमें मुआवजा, पुनर्वास और विकास योजना नियम 2016 के अंतर्गत ड्राफ्ट और पुनर्व्यवस्थापन योजना तैयार की गई है। इस जन सुनवाई में परियोजना से प्रभावित भूस्वामी सुझाव दे सकेंगे ताकि ड्राफ्ट का अंतिम रूप तैयार किया जा सके।
बैठक में कोविड नियमों का भी सख्ती से पालन होगा। इसे देखते हुए जन सुनवाई में केवल 50 लोगों को ही भाग लेने की अनुमति रहेगी। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एसके पराशर के अलावा नायब तहसीलदार नित्थर गौरीदत्त शर्मा और लूहरी जल विद्युत परियोजना के अधिकारी भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रशासनिक अधिकारी और परियोजना प्रबंधन के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की बैठक हुई थी। इसमें परियोजना प्रभावितों की कुछ मांगों की सुनवाई नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने बैठक से किनारा कर लिया था। अब अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक से ग्रामीणों को उनकी मांगें पूरी होने की आस जगी है।