रोहड़ू (नेरवा)। जमात में शामिल होने के बाद नेरवा में क्वारंटाइन किए गए सभी 11 लोगों की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। सभी जमातियों की रिपोर्ट निगेटिव आने से प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
जमात से वापस लौटे 11 लोगों को 31 मार्च की रात को झमराड़ी बैरियर पर पुलिस ने पकड़ा था। इसके बाद प्रशासन ने सभी जमातियों को ग्राम पंचायत नेरवा के विश्रामगृह में क्वारंटाइन किया था। जमात से आए लोगों के पकड़े जाने के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल था। सभी जमातियों के सैंपल लेकर कोरोना टेस्ट करवाया गया। सभी जमातियों की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
एसडीएम चौपाल अनिल चौहान ने एहतियातन सभी जमातियों का क्वारंटाइन पीरियड बढ़ा दिया है। क्षेत्र के कुछ और जमातियों के अभी भी हरियाणा के मेवात और पांवटा में होने की बात कही जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक जानकारी के अनुसार करीब तीस जमाती अभी भी हरियाणा के मेवात और पांवटा साहिब के मिश्रवाला में हैं। वहीं पर इनको क्वारंटाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। नेरवा में कोरोना का कोई भी संदिग्ध मामला अब नहीं है।