रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले में उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा ताकि लोगों को उनके घर द्वार के निकट बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि जिले में कोविड की तीसरी लहर से निपटने के लिए सभी प्रकार की तैयारियां समय पर पूरी करें, ताकि यदि निकट भविष्य में तीसरी लहर आती है तो जिले के लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिले में खासकर विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने का मामला शीघ्र ही प्रदेश सरकार से उठाया जाएगा। इसी प्रकार जिले में अन्य पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को भरने का मामला भी वे सरकार के समक्ष उठाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में एक क्षेत्रीय अस्पताल सहित एक सिविल अस्पताल, 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 35 उप स्वास्थ्य केंद्र हैं।
जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु के 70,390 व्यक्तियों को कोविड टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से शुक्रवार तक 67,446 व्यक्तियों को कोविड का पहला टीका लगाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में 8,848 व्यक्तियों को कोविड का दूसरा टीका लगाया जा चुका है। विभाग कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए भी तैयारियां कर रहा है। लोगों को कोविड प्रोटोकॉल अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी की बदौलत आज जिले में 96 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण का कार्य सफल हो सका है। जिले के क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ को वर्ष 2020-21 में कायाकल्प कार्यक्रम के सफल कार्यान्वयन के लिए प्रदेशभर में प्रथम स्थान पर आंका गया है, जबकि राष्ट्रीय तपेदिक उन्मूलन कार्यक्रम में जिले को प्रदेश भर में दूसरे स्थान पर और देश भर में प्रथम दस जिलों में आंका गया है। बैठक में जिला आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक चंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविराज भी उपस्थित थे।