दुर्गम गांव में लगाया स्वास्थ्य शिविर, मौके पर हुए एक्सरे और रक्त जांच
टीबी, ब्लड प्रेशर और शुगर समेत विभिन्न बीमारियों की हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के दुर्गम गांव तालिंग में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पूह की ओर से आम आरोग्य शिविर लगाया गया। सड़क संपर्क से कटे इस गांव तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए विभाग की टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच रस्सी की ट्रॉली (स्पैन) से नदी-नालों को पार किया और कई किलोमीटर पैदल सफर तय किया। टीम अपने साथ पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्सरे मशीन और रक्त जांच उपकरण भी लेकर पहुंची, ताकि ग्रामीणों को गांव में ही जरूरी चिकित्सीय सुविधाएं मिल सकें।
शिविर में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी की पहचान पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके लिए आधुनिक हैंड हेल्ड मशीन से मौके पर ही एक्सरे किए गए। इसके अलावा बलगम के नमूने और आवश्यक रक्त जांच भी की गईं। राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की स्क्रीनिंग कर ब्लड प्रेशर, शुगर और जीवनशैली से जुड़ी अन्य बीमारियों की जांच की गई।
खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. विनोद नेगी ने बताया कि पूह ब्लॉक के सभी गांवों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमित रूप से ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घर-द्वार के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना और बीमारियों की समय रहते पहचान करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविरों में पहुंचकर नियमित स्वास्थ्य जांच करवाएं और विभाग की ओर से दी जा रही निशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाएं।
शिविर के आयोजन में डॉ. मितुल चौहान, रेडियोग्राफर प्रदीप लक्टस, वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन सुरेश नेगी, एसटीएस चंद्रेस, चालक टोनी और तालिंग की आशा कार्यकर्ता ने सहयोग किया। ग्रामीणों ने दुर्गम क्षेत्र में आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और टीम का आभार व्यक्त किया।