खिड़की खुलने से हुआ हादसा, तकलेच में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। तकलेच में शनिवार को परिवहन निगम की चलती बस से युवती गिर गई। इस घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मराला गांव से रामपुर की ओर जा रही परिवहन निगम की बस जब सुबह करीब 9:30 बजे केटू के समीप पहुंची, तो अचानक बस की खिड़की खुल गई। इसी दौरान बस में सवार युवती संतुलन खोकर नीचे जा गिरी।
हादसे में रचना (22), पुत्री लायक राम, निवासी गांव बरशोल, तहसील रामपुर, जिला शिमला गंभीर रूप से घायल हो गई। बस में सवार यात्रियों और पुलिस की मदद से उसे तुरंत तकलेच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
पुलिस ने इस मामले में बस के परिचालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। पुलिस थाना रामपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है।