संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । नेरवा तहसील से लगती पंचायत गड़ा के दूरदराज क्षेत्र घूंटाड़ी-बजाथल में दो साल पहले सड़क को बस के लिए पास कर दिया है, लेकिन आज तक बस नहीं चली। सड़क की पासिंग के बाद दो दिन बस चलाई गई। उसके बाद बस नजर नहीं आई। बस न चलने ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि बस न होने के चलते कैदी, पोलिया, और गड़ा, पंचायत के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की ये पहली ऐसी पंचायतें होंगी, जहां एक भी बस नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व बस के लिए सड़क को पास किया था। विभाग ने बस चलाने का आश्वासन भी दिया था। इसके बावजूद आजतक बस नहीं चली है। स्थानीय निवासी सालिग राम चौहान, सूरत राम, परमानंद का कहना है कि जहां बस में 20 रुपये खर्च कर नेरवा पहुंचते हैं, वही गाड़ी में 200 यात्री रुपये चुकाने पड़ते हैं। यहां लोगों की आमदनी इतनी अच्छी नहीं है कि लोग इतने पैसे खर्च कर सकें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस बार उनकी मांग को नहीं सुना जाता या अनदेखा किया जाता है, तो वह अब सरकार और विभाग के खिलाफ आंदोलन
किया जाएगा। गड़ा पंचायत उप प्रधान दिनेश घूंटा ने कहा कि एचआरटीसी के उच्च अधिकारियों और सरकार के ध्यान में यह मामला ला चुके हैं, लेकिन इसको बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। वह लोगो की समस्या का समाधान करने के लिए उनके साथ सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे। संवाद