रोहड़ू। कोटखाई, जुब्बल और रोहड़ू उपमंडल में इन दिनों रसोई गैस की भारी किल्लत चल रही है। मांग के अनुसार गैस सिलिंडरों की सप्लाई नहीं पहुंचने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। सिलेंडरों की कमी के चलते गांवों में सप्लाई नियमित नहीं दी जा रही है। घंटों कताराें लगकर इंतजार करने के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं।
कोटखाई उपमंडल में करीब 14 हजार गैस उपभोक्ता हैं। क्षेत्र में रसोई गैस की नियमित सप्लाई देने के लिए 25 गाड़ियों की जरूरत हर माह रहती है, लेकिन सिलिंडरों की सप्लाई घटकर 18 गाड़ियां प्रति माह ही रह गई हैं। वहीं जुब्बल में करीब 13 हजार गैस उपभोक्ता हैं। प्रति माह 25 गाड़ियों की जरूरत रहती है, लेकिन सप्लाई घटकर 10 गाड़ियां प्रति माह रह गई हैं। रोहड़ू उपमंडल में तीस हजार से अधिक गैस उपभोक्ता हैं। हर माह गैस सिलिंडरों की 35 से 40 गाड़ियां की आवश्यकता रहती है, लेकिन सप्लाई घटकर 20 गाड़ियों की रह गई है। गैस एजेंसियों में सिलिंडरों के लोड कम आ रहे हैं। गाड़ी आते ही आधे घंटे के अंदर खाली हो जाती है। लोगों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। गांव गांव को जाने वाले रसोई गैस की सप्लाई नियमित नहीं दी जा रही है।
विशाल भिकटा, अशोक जस्टा, सुनील चौहान, मुमेद चौहान, सुंदर सिंह, पप्पू भावटा, राजीव डोटका, राज, राजेश पुरटा, आशीष, श्याम लाल, बृजलाल, सुरेश पाल, उमेश शर्मा, राजीव, राजिंद्र, डिंपल, प्रमोद, दिनेश, रविंद्र ने बताया कि रसोई गैस की किल्लत परेशानी का सबब बन गई है। सेब सीजन में रसोई गैस की किल्लत से परेशानी पेश आ रही है।
कोटखाई तारा गैस एजेंसी के प्रभारी जोगिंद्र कंवर, रोहड़ू गैस एजेंसी के प्रभारी बलवंत सिंह ठाकुर ने बताया कि सिलिंडरों की सप्लाई काफी कम आ रही है। इस कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं।