रोहड़ू में फिर घर-घर से कचरा होगा एकत्रित
नगर परिषद ने व्यवस्था को सुचारू रखने को निजी संस्था को सौंपा कार्य
अगस्त से शुरू होगी डोर टू डोर कूड़ा एकत्र करने की योजना : नप
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। नगर परिषद रोहड़ू में अगले महीने से डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने की योजना को फिर से शुरू किया जा रहा है। यह कार्य निजी संस्था को सौंप दिया है। कचरा एकत्र करने की एवज में संस्था के सफाई कर्मचारी हर माह प्रति घर पचास रुपये वसूल करेंगे। नप के अनुसार इस योजना के शुरू होने के बाद कूड़ा खुले में फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर परिषद की ओर से कस्बे में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने की योजना को शुरू किया जा रहा है। कुछ साल पहले भी यह योजना शुरू की गई थी लेकिन कुछ कारणों से योजना दो माह से अधिक नहीं चल पाई। अब सरकार के सख्त निर्देशों के बाद नगर परिषद योजना को सही ढंग से चलाने की पूरी तैयारियां कर चुका है। निजी संस्था के हाथों में कूड़ा एकत्र करने का कार्य दिया गया है। संस्था के कर्मचारी सभी सातों वार्डों में घर-घर जाकर कचरा एकत्रित करेंगे।
नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष राधेश्याम ने बताया कि डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने की योजना को सही ढंग से चलाने के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। इस कार्य के लिए निजी संस्था से बात कर ली गई है। अगले माह से योजना शुरू कर दी जाएगी। योजना शुरू होने के बाद कोई भी व्यक्ति खुले में कूड़ा नहीं फेंक सकेगा।