चिड़गांव तहसील के धमवाड़ी के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ने चिट्टे का सेवन किया था। युवक के अचेत होने के बाद उसके दोस्त ने उसे घर से करीब नौ किलोमीटर दूर फेंक दिया। 26 जनवरी को मृतक युवक का शव धमवाड़ी के पास बर्फ के बीच मिला।
फिलहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के असली कारणों को पता चलेगा। जानकारी के अनुसार, खाबल पंचायत के देनवाड़ी गांव निवासी 32 वर्षीय मुकेश 22 जनवरी को संदासू गांव में अपने दोस्त रोहित के घर गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। मृतक के भाई अरुण चौहान ने इसकी सूचना जब पुलिस को दी। पुलिस ने रोहित से पूछताछ की, तो खुलासा हुआ कि उस दिन रात के समय दोनों ने साथ में चिट्टे (हेरोइन) का सेवन किया।
अगले दिन मुकेश जब बिस्तर से उठा नहीं, तो उसने कार से उसको घर से करीब नौ किलोमीटर दूर धमवाड़ी के पास सड़क के किनारे फेंक दिया। खुलासा होने के बाद 26 जनवरी को मृत युवक का शव धमवाड़ी के समीप से रोहित की निशानदेही पर बरामद किया गया। मृत युवक का आईजीएमसी शिमला में पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।