सिराज क्रिकेट कप के चैरिटी मैच में दिया नशा छोड़ो–खेल खेलो का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सिराज क्रिकेट कप के आयोजकों ने चैरिटी क्रिकेट मैच का आयोजन किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों की ओर प्रेरित करने का संदेश देना रहा। इस अवसर पर आनी प्रशासन की टीम, आनी पुलिस इलेवन और प्रेस क्लब इलेवन के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबले खेले गए। प्रेस क्लब आनी की ओर से गठित प्रेस इलेवन टीम में आनी, कुमारसैन और रामपुर क्षेत्र के पत्रकारों ने भाग लिया। सबसे पहले प्रशासन इलेवन और पुलिस इलेवन के बीच मुकाबला खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस इलेवन ने प्रशासन इलेवन को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद फाइनल मुकाबला पुलिस इलेवन और प्रेस इलेवन के बीच खेला गया। कड़े मुकाबले के बावजूद पुलिस इलेवन की टीम ने प्रेस इलेवन को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं, प्रेस इलेवन की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने खिलाड़ियों और आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं। सिराज क्रिकेट कप आयोजकों में क्लब के संयोजक विपिन ठाकुर ने बताया कि क्लब का उद्देश्य युवाओं को नशे से हटाकर खेलों की ओर मोड़ना है। उन्होंने कहा कि सिराज क्रिकेट क्लब प्रतिवर्ष रक्तदान शिविरों का आयोजन करता है और जरूरतमंद व प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करता है। इस चैरिटी मैच ने खेल के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का मजबूत संदेश देते हुए गणतंत्र दिवस समारोह को यादगार बना दिया।