कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि वाले छात्रों के लिए यह सुविधा राहत भरी : अरूण
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर में सरकारी विद्यालयों के मेधावी और इच्छुक विद्यार्थियों के लिए निशुल्क कोचिंग कक्षाओं की शुरुआत कर दी गई है। पीटीएफ कल्पा खंड के सहयोग से शुरू हुई इस पहल का शुभारंभ उच्च शिक्षा उपनिदेशक कुलदीप डोगरा और प्राथमिक शिक्षा उपनिदेशक अरुण गौतम ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला रिकांगपिओ में किया।
कोचिंग का उद्देश्य विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय, ईएमआरएस, सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा और मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि को किन्नौरी टोपी और खतक पहनाकर की गई। प्राथमिक शिक्षा उपनिदेशक अरुण गौतम ने बताया कि यह निशुल्क कोचिंग विशेष रूप से पांचवीं कक्षा के उन छात्रों के लिए है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि वाले छात्रों के लिए यह सुविधा बड़ी राहत साबित होगी। निजी कोचिंग की ऊंची फीस कई प्रतिभाशाली बच्चों को पीछे छोड़ देती है। उन्होंने बताया कि कोचिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन में उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। उच्च शिक्षा उपनिदेशक कुलदीप डोगरा ने इसे प्राथमिक शिक्षकों की सराहनीय पहल बताया। कहा कि ऐसी गतिविधियों से सरकारी स्कूलों के प्रति अभिभावकों का विश्वास बढ़ेगा और नामांकन में भी वृद्धि होगी। साथ ही नई शिक्षा नीति के तहत आधुनिक तकनीक और नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। पीटीएफ कल्पा खंड की टीम को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी हिशे कर्मा ने भी प्रतिभावान शिक्षकों को प्रोत्साहित करने की अपील की, ताकि अधिक छात्रों को लाभ मिल सके।
इस मौके पर सेवानिवृत्त केंद्र मुख्य शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार, केंद्र मुख्य शिक्षक खवांगी रमेश नेगी, पीडीएफ अध्यक्ष संत कुमार, महासचिव श्याम सुंदर, रामवीर नेगी, यशवीर, राजवीर, राजकुमारी, भारत भूषण, चंद्र मोहन, मनोहर देवी सहित अन्य मौजूद रहे।