पुलिस ने दिया रेहड़ी संचालकों को हटने के लिएएक सप्ताह का समय
हाईकोर्ट के आदेशों के बाद पुलिस हुई सख्त, नहीं हटे तो होगी कार्रवाई
एस ठाकुर
धर्मपुर(सोलन)। प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों के बाद परवाणू-सोलन फोरलेन हाईवे पर अवैध रेहड़ी-फड़ी को हटाने की मुहिम पुलिस विभाग की ओर से शुरू कर दी गई है। धर्मपुर पुलिस की टीम ने शनिवार को अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-फड़ी को हाईवे किनारे से एक सप्ताह में हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
परवाणू से सोलन तक हाईवे के किनारे मनमाने ढंग से जगह-जगह अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाई हुई है। इससे रोजाना यहां पर पर्यटक आवाजाही करते हुए बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर देते हैं। ऐसे में दुर्घटना का भी डर बना रहता है और कई बार जाम भी लग जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की पेट्रोलिंग टीम व एनएचएआई के हाईवे पेट्रोलियम वाहन की जिम्मेवारी होनी चाहिए कि हाईवे पर अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी को न लगने दें। लेकिन वह भी आदेशों के इंतजार ही करते हैं। हाईवे पर दत्यार से कुमारहट्टी तक दर्जनों रेहड़ी फड़ी लग चुकी हैं।
उधर, इस बारे में डीएसपी परवाणू प्रणव चौहान ने बताया कि हाईवे पर अतिक्रमण वालों को एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी जारी कर दी गई है। उसके बाद आदेश न मानने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।