लकड़ी तस्करी के मामले में दो माह से फरार चल रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करी के मामले में दो माह से फरार आरोपी को शिमला के एक निजी होटल से पकड़ा है। मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम ने आरोपी को दबोचा लिया।
जानकारी के अनुसार पांच मई को जुब्बल रैंज के अंतर्गत डीपीएफसी बराल में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से काटी गई लकडी को ले जाते हुए पिकअप गाड़ी को पकडा था। गाड़ी में देवदार के पेड़ की सात गेलियां ले जाई जा रही थीं। लकड़ी ले जा रहे दो आरोपियों को तो वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया था। वन विभाग की टीम फरार आरोपी की तलाश में थी। मंगलवार सुबह ब्लाक वन अधिकारी नैन तारा के नेतृत्व में वन रक्षक कंवर सिंह, दिग्विजय सिंह, रणधीर, पंकज, अविनाश, पाल सिंह तथा जोगिंद्र सिंह ने शिमला के एक निजी होटल से आरोपी प्रताप को पकड़ लिया। प्रताप राेहड़ू उपमंडल के शलान गांव का निवासी है।
डीएफओ राेहड़ू रवि शंकर शर्मा ने बताया कि वन विभाग की टीम को बढ़ी सफलता हाथ लगी है। टीम की मेहनत से फरार आरोपी को पकड़ा गया है। शीघ्र ही आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।