मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ सीएम को भेजा ज्ञापन
अंतिम वेतन 50 प्रतिशत के बराबर पेंशन की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। भारतीय मजदूर संघ रामपुर ने विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को रामपुर एसडीएम निशांत तोमर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि 7,8 और 9 जून को संघ ने तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय अधिवेशन का आयोजन सरकाघाट में किया था। इसमें कर्मचारियों और मजदूरों की समस्याओं के अंतर्गत दो प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। भारतीय मजदूर संघ के विभिन्न मुद्दों और समस्याओं के बारे में चर्चा की गई। इसके चलते मंगलवार को भारतीय मजदूर संघ रामपुर ने एसडीएम रामपुर निशांत ताेमर के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुखू को संघ की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन भेजा है। इनमें अंतिम वेतन 50 प्रतिशत राशि के बराबर पेंशन, पेंशन राशि का समय पर पुनर्निधारण और सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 अति शीघ्र लागू करने की मांग की गई। राज्य में सामाजिक सुरक्षा स्वायत्त संस्थान स्थापित करने पर सरकार विचार करने, शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, आवास और रोजगार की सुविधा मुहैया करवाना शामिल है।
इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा लागू की गई स्कीम के क्रियान्वयन के लिए ठोस प्रशासनिक नीति का निर्माण करने, असंगठित क्षेत्र के लिए अलग लेबर वेलफेयर फंड बोर्ड का गठन करने और कृषि, स्ट्रीट वेंडर और घरेलू कामगार सहित अन्य को समाहित करने की मांग की गई। आशा वर्करों, आंगनबाड़ी, सहायिकाओं, मिड-डे मील वर्करों, सर्व शिक्षा अभियान, स्कीम वर्कर की सेवा शर्तों के साथ वेतन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग की गई।