कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग जुब्बल-कोटखाई के कार्यक्रम में की शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को बड़ी सफलता मिली है। 80 फीसदी से अधिक प्रधान और उपप्रधान कांग्रेस समर्थित निर्वाचित हुए हैं। यह बात शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग जुब्बल-कोटखाई की ओर से नवनियुक्त अध्यक्ष हरि दत्त की नियुक्ति के उपलक्ष्य में आयोजित आभार कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद, बीडीसी और नगर पंचायत जुब्बल में कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान करीब 800 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और कार्यकर्ताओं का समर्पण पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय स्थापित किया है। जुब्बल में हिमाचल का पहला छात्रा खेल विद्यालय शुरू हुआ है। वहीं, टिक्कर में इंटीग्रेटेड बीए-बीएड कोर्स जैसी महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से क्षेत्र में शिक्षा और विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग जुब्बल-कोटखाई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।