रिकांगपिओ (किन्नौर)। कल्पा ब्लॉक के पूर्वणी गांव के अग्निकांड में जिन 5 परिवारों का सब कुछ जलकर नष्ट हो गया उसमें 26 परिवारों की हिस्सेदारी है।
कल्पा के तहसीलदार गोपाल मुखिया ने बताया कि धर्म सिंह नेगी, भूपेंद्र, पनमा लाल, प्रेमवतर और रोशन लाल नेगी का सब कुछ जलकर नष्ट हो गया है। सरकार ने 10 हजार रुपये फौरी तौर पर राहत के लिए दिए हैं। इसके अलावा तिरपाल, रजाई, गद्दे, खाना पकाने के लिए बर्तन, चावल, आटा और तेल का भी आवंटित किया गया है।
मुखिया ने कहा कि राजस्व विभाग ने अग्निकांड से प्रभावित हिस्सेदारों में चाचा, ताऊ, भाई, भतीजे की लिस्ट तैयार की है। इसमें राज चंदर, नीतीश, रघुनाथ, परमजीत, आकाश, त्वज्ञा राम, सुंदर भक्ति, सूरज, रवि शेखर, श्याम नंद, प्रभु शंकर, सुदेश, सुदेश कुमार, जीवन सिंह, जयपाल सिंह, बृजमोहन, ललित मोहन, उदय कुमार, कमल कुमार, करुणा देवी, दीवान सागर, राजन सिंह, यशवंत सिंह, हरि कृष्णा, हरि शंकर, रामभगत नेगी और देवता का मंदिर शामिल है। सरकारी रिलीफ मैनुअल के हिसाब से केस बनाकर जिला प्रशासन को भेज दिया है। पूर्वणी गांव के प्रधान शेर सिंह नेगी ने कहा कि देवता ईश्वर नारायण और शक्ति नाथ के नया मंदिर बना है। पूरा मंदिर का जीर्णोद्धार का काम चल रहा था। इस कारण देवता को एक माह पहले बोध मंदिर में रखा था।
पूर्वणी गांव के सामुदायिक भवन की ऊपरी मंजिल भी जल गई है। देवता के मंदिर के पिछले दीवार में आग लगने से मंदिर को उखाड़ कर नया बनाना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि सांस्कृतिक विभाग के माध्यम से मंदिर बनाने की राशि का आवंटन किया जाए। मंदिर निर्माण करने वाले कारीगरों का राशन और औजार भी जल गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उन्हें भी मुआवजा दिया जाए।