दलाश (कुल्लू)। दलाश क्षेत्र के प्राचीन एवं ऐतिहासिक ऋषि पंचमी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में लोक गायकों ने खूब समा बांधा। लोक कलाकारों नैंसी शर्मा, एसी भारद्वाज, दुष्यंत ठाकुर और वरूण आदि ने एक से बढ़कर एक पहाड़ी, फिल्मी और पंजाबी गानों पर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत में लोक गायक वरूण ने पहाड़ी गीत पौषा माघा री रात्रि, आई नई पड़ोसन, दिल तोड़ी तू न जा..आदि पहाड़ी गीत गाए। इसके बाद नैंसी शर्मा ने फिल्मी गीत पर डांस प्रस्तुत करके वाहवाही लूटी। वहीं दुष्यंत ठाकुर ने फिल्मी गीत आने से उसकी आए बहार... दिल ले गई कुड़ी आदि गीतों पर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
वहीं लोक कलाकार एसी भारद्वाज ने पहाड़ी गीत और नाटियों की प्रस्तुति से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने बुधुआ मामा, रेऊशै थाचे बांगीए, तेरा मेरा प्यार आड़िए, झुरिये हुआ जीऊणा हमारा, लाल-लाल सेब रा दाना, जान आसा तैवे, आई नई पड़ोसन, बबली प्यारिये, दिल तोड़े न जा तू मोनिका और भगतू मामा संत रामा जैसे गाने गाकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं मंच का संचालन कर रहे ललित शर्मा ने दर्शकों को शेयरों शायरी और चुटकुले सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। सांस्कृतिक संध्या में ग्रीन हिल एंड हैवन ग्रुप कुल्लू के निदेशक पीडी ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर मनोहर ठाकुर, ललित ठाकुर, दयाल सिंह, जय सिंह, भजन सिंह, आदर्श शर्मा, योगेश ठाकुर और महेंद्र खाची सहित अन्य मौजूद रहे।