रामपुर बुशहर। रामपुर शहर से अतिक्रमण हटाने में नगर परिषद नाकाम साबित हुई है। भले ही नप ने अतिक्रमण को लेकर दुकानदारों के बिजली-पानी के कनेक्शन काटने तक की चेतावनी दी है, लेकिन बावजूद इसके शहर से अतिक्रमण हटाना नप के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रही है। रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे निजात दिलाने में प्रशासन और नगर परिषद पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहे हैं।
नगर परिषद ने शहर से अतिक्रमण हटाने को मुख्य बाजार में येलो लाइन लगाई थी ताकि इस लाइन से आगे कोई अतिक्रमण न होने पाए। इसके विपरीत अतिक्रमण लगातार अपने पांव पसारता जा रहा है, जिसे हटाने में नप के सभी दावे फेल हो रहे हैं। बीते दिनों शहर के कारोबारियों के साथ नप ने बैठक कर अतिक्रमण को बढ़ावा न देने के निर्देश दिए थे। नियमों को दरकिनार करने वाले दुकानदारों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने तक का नप ने फैसला लिया था। मुख्य बाजार के मार्ग में दोनों ओर नियमों को ताक पर रखकर अतिक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को भी बाजार में अतिक्रमण के चलते लोगों को जूझते देखा गया। व्यापार मंडल रामपुर भी अतिक्रमण हटाने में सहयोग करने की बात तो कहता है, लेकिन अतिक्रमण हटाने को लेकर व्यापार मंडल भी बौना साबित हा रहा है।
क्षेत्र के ललित कुमार, संजय कुमार, राजेश कुमार, अजय, मनोज मेहता, अशोक, राजेंद्र नेगी, महेश कुमार, रजत सिंह, विकास कंवर सहित अन्य लोगों ने कहा कि अतिक्रमण हटाना तो दूर अतिक्रमण पर कार्रवाई करने में नप और व्यापार मंडल नाकाम साबित हो रहे हैं।
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी विपिन ठाकुर ने बताया कि पहले भी अतिक्रमण हटाने को लेकर कार्रवाई की गई थी। व्यापारियों ने दिवाली तक राहत देने की मांग की है। यदि फिर से समस्या बढ़ गई है तो आज से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।