धर्मपुर में आयोजित चुनाव रिहर्सल के दौरान प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे थे कर्मचारी
चुनावी ड्यूटी में समन्वय के लिए बनेगा 400 कर्मचारियों का व्हाट्सएप ग्रुप
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। विकास खंड धर्मपुर के तहत आने वाली 26 पंचायतों में आगामी चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को धर्मपुर में आयोजित चुनाव रिहर्सल के दौरान निर्वाचन अधिकारी धनीराम पंवर और पंचायत निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों के प्रति सचेत किया।
रिहर्सल के दौरान उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कई कर्मचारियों ने अपनी चुनावी ड्यूटी रद्द करवाने के लिए प्रार्थना पत्र देने शुरू कर दिए। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्वाचन अधिकारी ने कर्मचारियों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया की कर्मचारी चुनाव आयोग की रीढ़ की हड्डी हैं। यदि सभी अपनी ड्यूटी से पीछे हटेंगे, तो लोकतंत्र के इस महापर्व को संपन्न करवाना असंभव हो जाएगा। इस दौरान करीब 24 कर्मचारी इस तरह का प्राथना पत्र लेकर पहुंचे थे। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया में बेहतर तालमेल और त्वरित सूचना साझा करने के लिए प्रशासन ने एक अनूठी डिजिटल पहल की है। पंचायत निरीक्षक ने बताया कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात लगभग 400 कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। रिहर्सल के दौरान दीवारों पर 10 क्यूआर कोड स्कैनर लगाए गए थे, जिन्हें स्कैन कर सभी कर्मचारी सीधे ग्रुप से जुड़ गए। इस ग्रुप के माध्यम से कर्मचारी अपनी शिकायतें, सुझाव या चुनाव से जुड़ी किसी भी समस्या को तुरंत साझा कर सकेंगे।
पोस्टल बैलेट और तारीखों में बदलाव की संभावना
बैठक में कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि 26 पंचायतों में तैनात कर्मी पोस्टल बैलेट पेपर के लिए 24 मई से पहले अपने विभाग के मुखिया से हस्ताक्षर करवाकर लाएं। इसके साथ ही, पंचायत निरीक्षक ने संकेत दिए कि परवाणू में नगर परिषद चुनावों के कारण 17 मई की चुनावी ड्यूटी की तारीख आगे बढ़ाई जा सकती है।