रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंबर तीन और पांच में होने वाले उप चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन वार्ड तीन से तीन और पांच वार्ड से दो प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है।
इसमें कांग्रेस समर्थित सुमन घागटा ने वार्ड नंबर तीन से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सुमन अपने समर्थकों के साथ तहसीलदार कार्यालय पहुंची। इसके अलावा रूपकला ने रिकवरिंग प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र भरा। वहीं दूसरी ओर वार्ड नंबर पांच से राजेश गुप्ता ने करण शर्मा के रिकवरिंग प्रत्याशी के तौर नामांकन पत्र जमा करवाया। वहीं भाजपा की ओर से शोभा देवी ने वार्ड नंबर तीन से नामांकन पत्र भरा है। दोनों दलों के प्रत्याशी अपने दल बल के साथ तहसीलदार कार्यालय रामपुर पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया।
रामपुर नगर परिषद में रिक्त हुए वार्ड नंबर तीन और पांच में पार्षद पद के लिए 17 नवंबर को उपचुनाव होने हैं। कांग्रेस ने दोनों वार्डों से अपने-अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतार दिए हैं। सोमवार को दोनों पार्टियों के समर्थित लोग सुबह से ही रामपुर तहसील में एकत्रित होना शुरू हो गए थे। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी के साथ सीडी घागटा, रोहित घागटा, अविनाश, कौल सिंह, दीपक सूद, पंकज बराड़, डीडी कश्यप, शिव कुमार गुप्ता, सत्या भूषण, हितेश, अनिरूद्ध सिंह बिष्ट, विशेषर लाल, ध्रुव शर्मा सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे। वहीं भाजपा प्रत्याशी शोभा देवी के साथ सुधांशु कपूर, सुषमा मखैक, साधना शर्मा, अनु गोस्वामी, श्याम मेहता सहित अन्य मौजूद रहे।
वहीं इस मौके पर एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि नगर परिषद के दो वार्डों के पार्षद पदों के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए कुल पांच प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। वार्ड तीन से तीन और पांच वार्ड से दो प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है। पांच नवंबर को सुबह दस बजे के बाद स्क्रूटनी होगी, जबकि सात नवंबर को नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। 17 नवंबर को इन दोनों पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया आयोजित होगी।