आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस संकाय सहित 19 प्रोग्राम को मिली स्वीकृति
31 जनवरी तक इच्छुक अभ्यर्थी ले सकते हैं प्रवेश : वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। इग्नू ने नई शिक्षा नीति 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूडी) को शुरू कर दिया है। प्रथम फेज में जनवरी सत्र 2024 से 19 प्रोग्राम शुरू किए गए हैं। यह जानकारी समन्वयक डॉ. डीडी वर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के एकेडमिक काउंसिल से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। इग्नू मुख्यालय की ओर से प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डिवीजन द्वारा इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। स्नातक के आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स संकाय सहित कुल 19 कार्यक्रम में (एफवाईयूडी) फ्रेमवर्क को लागू करने की घोषणा की गई है। जनवरी सत्र 2024 से ही इसके तहत नामांकन किया जाएगा। यह कार्यक्रम (ओडीएल) मोड में नए करिकुलम के साथ प्रस्तुत किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को मल्टीपल एंट्री और मल्टीपल एक्जिट की सुविधा भी दी जा रही है। यदि कोई विद्यार्थी प्रथम वर्ष के बाद छोड़ना चाहता है तो उसे सर्टिफिकेट मिलेगा। द्वितीय वर्ष के बाद डिप्लोमा, तीन साल के बाद बैचलर डिग्री और चार साल के बाद का कोर्स पूरा करने पर ऑनर्स की डिग्री मिलेगी। उसके पश्चात एक वर्ष में पीजी पूरा कर सकेंगे। इग्नू में जनवरी सत्र 2024 के लिए प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। आधिकारिक वेबसाइट पर अपना विवरण भरकर और फीस जमाकर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए स्थानीय अध्ययन केंद्र इंग्नू कोड-1110 राजकीय कॉलेज रामपुर से संपर्क कर सकते हैं।