सड़कों में एकत्रित हो रहे पानी की समस्या से लोगों को जल्द मिलेगा छुटकारा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। निकास नालियां बंद होने और सड़कों में पानी जमा होने की समस्या से नित्थर के दुकानदारों और राहगीरों को जल्द निजात मिल जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने नित्थर बाजार में ड्रेन बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। लोक निर्माण विभाग नित्थर सेक्शन के कनिष्ठ अभियंता हिमांशु कटोच ने बताया कि नित्थर के मुख्य बाजार में 35 मीटर लंबी यू शेप ड्रेन बनाई जाएगी, जबकि बाकी की ड्रेन को रिपेयर कर दिया जाएगा। इसके बनने से नित्थर बाजार में पानी के जमा होने, पानी की लीकेज आदि की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। नित्थर बाजार में वर्षों से निकास नालियों की समस्या है। सारा पानी सड़कों में जमा होता है और पूरा बाजार तालाब बना रहता है, जो वाहनों के गुजरने पर राहगीरों या फिर दुकानदारों पर बौछारों के रूप में गिरता है। इसके अलावा नित्थर और देहरा पंचायतों के नित्थर, देहरा, चरमाला और शौचा गांवों का पानी नित्थर बाजार में जमा होने से कई घरों में सीलन पैदा हो रही है। इसको लेकर भी बीते दिनों किसान सभा, व्यापारमंडल और प्रभावित लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया था।
जल्द पूरा होगा ड्रेन का कार्य
ड्रेन का कार्य जोरों पर है। बारह भादो मेले के आयोजन और इससे पूर्व बीएमडी स्पोर्ट्स क्लब के टूर्नामेंट के कारण इसके निर्माण में थोड़ा विलंब हुआ है, लेकिन जल्द ही ड्रेन का कार्य पूरा हो जाएगा। - हिमांशु कटोच, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग नित्थर