खनेरी अस्पताल में डॉ. प्रकाश डरोच ने संभाला एमएस का कार्यभार।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। बीते कई वर्षों से अतिरिक्त कार्यभार के तहत चल रहे महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल के एमएस पद पर आखिरकार स्थायी एमएस की तैनाती हो गई है। दो वर्ष से रिक्त चल रहे पद बिलासपुर के सीएमओ रहे डॉ. प्रकाश डरोच ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया है। बुधवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और अस्पताल में चल रही समस्याओं को प्रमुखता से सरकार के समक्ष रखने की बात कही।
डॉ. डरोच ने कहा कि अस्पताल से संबंधित जितने भी मामले लंबित चल रहे हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के पास जो डेढ़ करोड़ के अस्पताल से संबंधित एस्टीमेट पड़े हैं, उनके लिए बजट के प्रावधान के लिए विभागों के अधिकारियों और सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। अस्पताल में तैनात डाक्टर, नर्सों और अन्य स्टाफ के साथ बैठक करके उनकी समस्याओं और मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में सीटी स्कैन और एक्सरे मशीन जल्द स्थापित कर मरीजों को इसका लाभ दिया जाएगा। उपमंडल स्तरीय अस्पताल में डॉक्टरों के सभी पद भरे हुए हैं। अस्पताल में सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टर मरीजों को सेवाएं दे रहे हैं। डॉ. डरोच इससे पूर्व बिलासपुर और उससे पहले सीएमओ ऊना के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं।
रामपुर उपमंडल में उन्होंने वर्ष 1991 में तकलेच अस्पताल में सेवाएं दी हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों, जन प्रतिनिधियों और अस्पताल पहुंचने वाले सभी लोगों को व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधाओं के लिए अस्पताल में व्यापक और पुख्ता बंदोबस्त किए जाएंगे।