धमवाड़ी में उपतहसील कार्यालय के उदघाटन अवसर पर विधायक मोहन लला ब्राक्टा व अन्य
विधायक ने किया उद्घाटन, कहा-समरकोटी में भी शीघ्र खुलेगी उप तहसील
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। धमवाड़ी की जनता को उप तहसील की सौगात मिली है। विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने शनिवार को उपतहसील का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विधायक का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर उनका निपटारा किया। इस अवसर पर एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रमोत्रा भी उपस्थित रहे। धमवाड़ी उप तहसील में क्षेत्र के छह पटवार सर्किल शामिल हाेंगे।
विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान आनन-फानन में बिना किसी सुविधा के धमवाड़ी में उपतहसील खोलने की घोषणा की थी। चुनाव के समय बिना सुविधाओं के खोले गए संस्थानों को कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री के समक्ष धमवाड़ी और समरकोट में उपतहसील खोलने की मांग रखी गई। मुख्यमंत्री ने धमवाड़ी में उपतहसील खोलने को हरी झंडी दे दी। उपतहसील कार्यालय में सभी सुविधाएं दे दी गई हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही समरकोट में भी उपतहसील खोली जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र में आदर्श अस्पताल बनना है। इसका प्रपोजल मुख्यमंत्री ने मांगा था। इसके लिए संदासु अस्पताल का नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि रोहड़ू क्षेत्र का विकास सिर्फ कांग्रेस ने किया है। भाजपा ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों को तेजी मिली है। इस अवसर पर ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, जिला परिषद सदस्य मोनिता चौहान, शक्ति लाल नेगी, रामेश्वर रतवान, हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य विजय चौहान, पूर्व जिला परिषद सदस्य सरविंद्र नेगी भी उपस्थित रहे।