कई तीखे मोड़ और संकीर्ण मार्ग पर हादसों का बढ़ा अंदेशा
सड़क पर पांच पंचायतों के हजारों लोग करते हैं सफर
ग्रामीणों ने सरकार और विभाग से उठाई मांग
हितेश भारती
नित्थर (रामपुर बुशहर)। रामपुर को जोड़ने वाले नित्थर-कोयल मार्ग पर क्रैश बैरियर लगाने की मांग जोर से उठने लगी है। सड़क पर कई तीखे मोड़ और तंग सड़क होने के कारण हादसे होने का अंदेशा बना हुआ है। इस सड़क से पांच पंचायतों के हजारों लोग खतरे के साये में सफर करने को मजबूर हैं। गौर हो कि नित्थर-कोयल-रामपुर सड़क जबसे बनी है, तबसे यह सबसे व्यस्त सड़क है। क्षेत्र की पांच पंचायतों के हजारों लोगों के लिए यह सड़क रामपुर के लिए नजदीक है। यहां से दिनभर सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है। स्कूल, कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थी, कर्मचारियों सहित आम जनता भी इस सड़क से सफर करते हैं। कई जगह यह सड़क काफी खतरनाक है। इस सड़क पर कई जगह गहरी खाई और और तीखे मोड़ हैं। ऐसे में सड़क पर क्रैश बैरियर का होना बेहद आवश्यक है। खासकर, आनस गांव से थोड़ा पीछे सड़क काफी तंग, तीखे मोड़ और गहरी खाई है। न सिर्फ एक जगह बल्कि दो किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तक गहरी खाई है, जो ताना गांव से लेकर आनस गांव तक है। आनस गांव से दो किलोमीटर आगे भी इस तरह की सड़क है। आनस गांव के गोबिंद कौशल, सुखराम कौशल, मनजीत ठाकुर, महिंदर सिंह, सतीश ठाकुर, मनोज आनंद, बृजलाल और धर्मपाल सहित कई अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग सब डिवीजन नित्थर से मांग उठाई है कि जल्द ही इस सड़क पर क्रैश बैरियर और तीखे मोड़ से पहले साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। उन्होंने कहा कि बीते दिनों आनस से थोड़ा पीछे ही इसी सड़क से एक गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी थी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। नित्थर, देहरा, पलेही, कुठेड़, लोट और दुराह पंचायत के ग्रामीणों ने भी सरकार और विभाग से सड़क पर शीघ्र क्रैश बैरियर लगाने की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग ने इस तरह के ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए हुए होते हैं। यदि स्थानीय पंचायतों से प्रस्ताव पारित कर विभाग को दे, तो इसके ऊपर जल्द कार्रवाई हो सकती है। क्रैश बैरियर जल्द लग सकते हैं।
- मनोज भारद्वाज, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निरमंड
नित्थर कोयल रामपुर सड़क मार्ग पर कई जगह पर नहीं है क्रैश बैरियर। संवाद