निरमंड बाईपास, मोईन-नित्थर, टकरासी, नेउई-दोगरी सड़क निर्माण की मांग
विक्रमादित्य सिंह ने जल्द बजट का प्रावधान करने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। उपमंडल आनी और निरमंड क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाके आज भी सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं। प्रस्तावित सड़कों का कार्य बजट के अभाव में लटका हुआ है। लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मिले प्रतिनिधिमंडल ने विस क्षेत्र के लिए सड़कों के निर्माण की मांग रखी। शिमला में मिले प्रतिनिधिमंडल ने निरमंड बाईपास, मोईन-नित्थर, टकरासी, नेउई-दोगरी सहित अन्य सड़कों के निर्माण की मंत्री से गुहार लगाई।
आनी विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व एपीएमसी अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा की अध्यक्षता में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से शिमला में मुलाकात की। आनी विधानसभा क्षेत्र की लंबित और आवश्यक सड़क परियोजनाओं को लेकर मंत्री से विस्तार से चर्चा की। मंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए और संबंधित परियोजनाओं के लिए शीघ्र पूर्ण बजट प्रावधान करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने निरमंड बाईपास सड़क निर्माण का मामला रखा। उन्होंने बताया कि बाईपास सड़क की लंबाई लगभग 4 किलोमीटर है, जिस पर करीब 3.35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके निर्माण से निरमंड क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम होगा। मोईन-नित्थर सड़क को बजट में शामिल करने, टकरासी पंचायत के गांवों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 में शामिल करने, आनी पंचायत के नेउई से दोगरी तक सड़क निर्माण करने, छरोट-सीण एंबुलेंस सड़क को लोक निर्माण विभाग नित्थर में डालने सहित अन्य सड़कों के निर्माण की मांग रखी। मंत्री ने ग्रामीणों के प्रस्ताव पर सकारात्मक आश्वासन दिया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाए। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस आनी महासचिव सतपाल ठाकुर, संजय मारकंडे, सुरेंद्र सहित अन्य मौजूद रहे।