. आठ पंचायतों के ग्रामीण खतरों के साये में कर रहे सफर
. बरसात के दौरान गिरा था गिरा डंगा, कार्य शुरू न होने से ग्रामीणों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर(कुल्लू)। बीते वर्ष बरसात के दौरान आई आपदा से उपतहसील नित्थर की आठ पंचायतों में भारी नुकसान हुआ था। अभी तक ग्रामीणों की दुश्वारियां बरकरार हैं। क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य नित्थर-कोयल-बायल-रामपुर सड़क की अभी तक हालत नहीं सुधर पाई है। गड़ेज पंचायत के तहत आने वाले ढरोपा में बरसात के दौरान डंगा गिर गया था, जो अभी तक नहीं लग पाया है। इस सड़क से गुजरने वाले लोग रोजाना जोखिम में सफर कर रहे हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द डंगे का निर्माण करने की मांग उठाई है। नित्थर-कोयल-बायल-रामपुर सड़क उपतहसील को जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। इस सड़क पर रोजाना नित्थर, देहरा, गड़ेज, पलेही, कुठेड़, दुराह, लोट और शिल्ली पंचायत के ग्रामीण सफर करते हैं। बीते वर्ष भारी बरसात के दौरान इस सड़क को कई स्थानों पर क्षति पहुंची थी। सतलुज नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण भी यह सड़क कई बार बाधित होती रही। सड़क पर ढरोपा में कुर्पण खड्ड का जलस्तर बढ़ने से डंगा ढह गया था। डंगा गिरने के कारण सड़क संकरी बनी हुई है, जिसे यहां हादसा होने की आशंका बनी रहती है। सिंचाई कूहल और कुर्पण खड्ड से सड़क को खतरा बना हुआ है। यदि भारी बारिश होती है, तो सड़क पर यातायात प्रभावित हो जाएगा। क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सड़क को दुरुस्त करने और डंगा लगाने की विभाग से मांग उठा रहे हैं, लेकिन विभाग की लेटलतीफी के कारण हालत जस की तस बनी हुई है।
बेली ब्रिज के साथ सड़क काफी संकरी
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक गोबिंद शर्मा ने कहा कि ढरोपा बेली ब्रिज के साथ सड़क काफी संकरी बनी हुई है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। कुर्पण खड्ड के पानी का बहाव सड़क को क्षति पहुंचा रहा है। आने वाले समय में यहां यातायात प्रभावित होने का डर बना हुआ है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सुचारु और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए जल्द डंगा लगाने की मांग की है।
विभाग के अधीक्षण अभियंता रामपुर, अधिशासी अभियंता निरमंड आनंद शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया है। जल्द ही यहां डंगे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जल्द ही क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
- चंदर कश्मीरी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग ब्रौ