15 करोड़ की सड़क का कछुआ चाल से चल रहा निर्माण
सड़क के 19 अप्रैल 2027 तक तैयार होने पर संशय
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रोहड़ू-चिड़गांव सड़क परियोजना का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही डबल लेन परियोजना के लिए निर्धारित 18 महीने की समयावधि में से आधा समय बीत चुका है। अब तक केवल 35 प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हो पाया है। ऐसे में 19 अप्रैल 2027 तक परियोजना के पूरा होने पर सवाल उठने लगे हैं।
रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण सड़क से प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है। नाबार्ड के तहत करीब 15 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण का कार्य 19 अक्तूबर 2025 को शुरू किया था। परियोजना के निर्माण के लिए 13.64 करोड़ रुपये तथा रखरखाव के लिए 1.17 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
करीब आधी समयावधि बीत जाने के बावजूद अभी भी 65 प्रतिशत कार्य शेष है। सड़क के कुछ हिस्सों में चौड़ीकरण का कार्य हुआ है, लेकिन सीमा और बड़ियारा के पास चट्टानी क्षेत्रों में कटिंग और चौड़ीकरण का महत्वपूर्ण काम अभी बाकी है। आगामी दिनों में मानसून के तेज होने से पहाड़ी क्षेत्रों में निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसी के सामने निर्धारित समय में परियोजना पूरी करने की बड़ी चुनौती है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि भट्टी ने बताया कि परियोजना की निर्धारित समय सीमा का अभी लगभग आधा समय शेष है। अब तक करीब 35 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शेष कार्य को तय समय के भीतर पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।