सांगला (किन्नौर)। जिले की सांगला पंचायत के रेशवाल गांव में बिजली के पुराने लकड़ी के पोल की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और उसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस थाना सांगला से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह महिला अपने घर के बाहर टहलने निकली थी कि इसी बीच बिजली का पुराना लकड़ी का खंभा अचानक गिर गया और महिला इसकी चपेट में आ गई। पोल गिरने से महिला के सिर पर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस की सूचना संागला पंचायत के उपप्रधान भूपेश नेगी ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सांगला थाने से एएसआई सुशील कायथ, मुख्य आरक्षी सरजू राम, आरक्षी संजय वर्मा की टीम ने महिला फिंडी देवी पत्नी मोहन लाल के शव को पोस्टमार्टम लिए सामुदायिक केंद्र सांगला पहुंचाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की पुष्टि एसपी एसआर राणा ने की है।