किन्नौर जिले में दिवाली के लिए तैयार की गई मिठाइयों का निरीक्षण करते खाद्य आपूर्ति अधिकारी।
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। दिवाली के लिए किन्नौर में मिलावटी और खराब मिठाइयां बेचने वाले कारोबारियों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए विभाग ने जिले के विभिन्न बाजारों से मंगलवार को तीन सैंपल भरे। जबकि, चार दिन पहले तीस सैंपल भरे गए थे। इन्हें कंडाघाट सोलन प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था। इनमें दस सैंपलों की रिपोर्ट आ गई है, जिनमें से पांच मिठाइयों के सैंपल फेल हो गए हैं। विभाग ने ऐसे दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। किन्नौर के सहायक आयुक्त फूड सेफ्टी धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि विभाग की ओर से दिवाली त्योहार से पहले मिठाई की दुकानों, ढाबों और रेस्तरों में निरीक्षण कर सैंपलिंग की जा रही है। त्योहारों के मद्देनजर सहायक आयुक्त के नेतृत्व में टीम ने सांगला, रिकांगपिओ, टापरी और कल्पा से मिठाइयों के अभी तक 33 सैंपल भरे हैं। इन क्षेत्रों से मिल्क बर्फी, खोया, बेसन बर्फी, मिल्क केक, पेठा, सोन-पापड़ी और लड्डू के सैंपल लिए गए हैं। जिन दुकानदारों और अन्य रेस्तरां के मिठाइयों के सैंपल फेल हुए हैं, उन्हें विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने कहा कि जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग के के दिशा-निर्देशों और नियमों को कड़ाई से लागू किया जा रहा है। मिठाई के दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि हर प्रकार की मिठाइयों पर तैयार करने की तिथि और उस मिठाई की एक्सपायरी डेट भी अंकित करना सुनिश्चित करें।