ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ज्यूरी में चार दिन से लापता किशोर का शव गानवी खड्ड से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान विपिन के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि 13 अप्रैल की इस घटना के बाद तीन अन्य लड़कों ने इस बात को छिपाया। इस वजह से परिजन और परिवार किशोर की तलाश में जुटे हुए थे। शनिवार को ज्यूरी पुलिस को इसकी भनक लगी कि कुछ लड़के गानवीं खड्ड में नहाने उतरे थे।
ज्यूरी पुलिस ने एनडीआरएफ को गानवीं खड्ड के गहरे पानी में तलाशी अभियान चलाने का आग्रह किया। इसके बाद एनडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान किशोर का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्जकर शव को कब्जे में लिया।16 वर्षीय विपिन के तीनों दोस्त भी 18 साल के कम उम्र के ही हैं। जानकारी के मुताबिक 13 अप्रैल को चार किशोर गानवीं खड्ड नहाने के लिए गए थे।
इसमें एक किशोर घर वापस नहीं आया। इसके बाद विपिन के पिता शोभाराम ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होेंन ज्यूरी पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। ज्यूरी चौकी के हेड कांस्टेबल मनोज कुमार ने उसके साथियों से गहन पूछताछ की तो उन्होंने पूरी बात बताई। मृतक विपिन के परिजनों ने बेटे की हत्या का अंदेशा जताया है। पुलिस उप अधीक्षक ठियोग और रामपुर लखवीर ने इसकी पुष्टि की है।