फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: बदहाली के आंसू बहा रही डंसा-पनोली-शांदल संपर्क सड़क

विज्ञापन
सेब सीजन से पहले खस्ताहाल डंसा-पनोली-शांदल सडक़ को दुरूस्त करने की उठी मांग। संवाद
विज्ञापन
सरकारी उपेक्षा का दंश झेल रही सड़क, एक दशक बाद भी नहीं हो रही पक्की
विज्ञापन

7.50 किलोमीटर सड़क की हालत नहीं सुधार पाया लोक निर्माण विभाग
ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी रोष

संवाद न्यूज एजेंसी

डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर विकास खंड की डंसा पंचायत के ग्रामीणों को लाभान्वित करने वाली डंसा-पनोली-शांदल संपर्क सड़क बदहाली के आंसू बहा रही है। इस सड़क को निर्माण कार्य के एक दशक बीत जाने के बाद भी पक्का नहीं किया गया, जिससे नोगवैली क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। करीब 7.50 किलोमीटर लंबी सड़क की हालत लोक निर्माण विभाग सुधार नहीं पाया है, जिससे छह पंचायतों के लोग परेशानी झेल रहे हैं। इस सड़क का निर्माण कार्य तत्कालीन भाजपा सरकार के कार्यकाल में मंडी विपणन समिति के सानिध्य में किया गया था। कई वर्षों से लोक निर्माण विभाग की लचर कार्यशैली और लोगों का पर्याप्त सहयोग न मिलने के चलते सड़क संकरी हो गई। साथ ही नालियों का निर्माण अधर में लटकने से जल निकासी के पुख्ता इंतजाम नहीं हो पाए। इससे सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए। बरसात और सर्दियों के मौसम में सड़क पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। हालांकि, इस सड़क पर कुछ साल पहले वाया शांदल-बाहलीधार तक प्रशासन ने बस को हरी झंडी दिखा कर ट्रायल भी करवा दिया था, लेकिन परिवहन निगम की तकनीकी विंग ने कुछ ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए थे और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अलग-अलग जगह पर सड़क के तंग हिस्सों को चौड़ा करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन ग्रामीणों का सहयोग हासिल न होने के चलते सड़क संकरी होती जा रही है। वहीं, वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से खास कर सेब सीजन में बागवानों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बंसी लाल, सुंदर सिंह, बाला नंद, तारा चंद, किशोर कुमार, भूप सिंह, हीरा लाल, केवल राम, छतर सिंह, राम लाल, पूर्ण चंद, चरण दास, रूप दास, भगत राम और रामानंद भारद्वाज सहित सैकड़ों लोगों ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि सड़क को प्राथमिकता के आधार पर सेब सीजन तक दुरुस्त किया जाए, ताकि बागवानों को हजारों सेब की पेटियों को मंडियों तक पहुंचाने में असुविधा का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन



इस सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 के तहत विभाग की ओर से प्राक्कलन तैयार करने की प्रक्रिया को अंजाम दिया जा चुका है, लेकिन गिफ्ट डीड के अभाव में मामला लटका हुआ है। -अंकुश जमवाल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग रामपुर
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें