फागू में दंगल, अखाड़े में 15,000 दर्शकों ने उठाया मुकाबले का लुत्फ, विजेता को मिले 1.51 लाख रुपये
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी ठियोग (रामपुर बुशहर)। फागू परगना के तलाई मैदान में दंगल का आयोजन किया गया। दंगल का सबसे बड़ा मुकाबला दिल्ली के मोनू दहिया और हरियाणा के आलमगीर अखाड़े के पहलवान पुष्पेंद्र के बीच हुआ। मोनू दहिया ने अपनी दमदार कुश्ती और दांव-पेच के बल पर जीत दर्ज की। दंगल के विजेता मोनू दहिया को 1.51 लाख रुपये की इनामी राशि दी गई। यह माली दिल्ली के अजीत गेहलोत आरएससी ने प्रायोजित की। सेमीफाइनल में मोनू दहिया ने ईरान के पहलवान हमीद को मात दी। मेले का मुख्य आकर्षण ईरानी पहलवान रहे। अखाड़े में भारतीय पहलवान ईरानी पहलवानों पर भारी पड़े। भारतीय अखाड़ों के पहलवानों ने ईरानी पहलवानों को कड़ी चुनौती देकर मात दी। अखाड़े में करीब 15,000 दर्शकों ने मुकाबले का लुत्फ उठाया।
लकी ड्रॉ में आरके जागटा ने जीती ऑल्टो कार
केवल दंगल ही नहीं, मेले में लकी ड्रॉ ने भी लोगों का ध्यान खींचा। लकी ड्रॉ में आरके जागटा ने ऑल्टो कार जीती। राकेश चंदेल ने स्कूटी जीती। टिकट नंबर 4064 को लकड़ी काटने की मशीन, टिकट नंबर 3421 को मोबाइल निकला। मेले में पांच अन्य लोगों ने सेब की छंटाई वाली कैंची जीती। लकी ड्रॉ में नाहर सिंह चौधरी बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। मेला समिति के प्रबंधक दिनेश जागटा ने सभी प्रायोजकों और उपस्थित जनता का आभार व्यक्त किया। संवाद