2016 में किया था संस्थान का शिलान्यास, दस वर्ष बाद भी युवाओं को इंतजार
विज्ञापन
संस्थान के लिए वर्ष 2019 में भाजपा ने 5 ट्रेड और 97 पदों को दी थी स्वीकृति
आशीष शर्मा दलाश (कुल्लू)। प्रदेश में सत्तासीन रहीं कांग्रेस और भाजपा की सरकारों से दलाश क्षेत्र के युवाओं को केवल कोरे आश्वासन ही मिलते रहे। एफसीए के फेर में फंसे बहुतकनीकी संस्थान दलाश का शिलान्यास 10 साल पहले हुआ था। आज तक युवाओं को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। ऐसे में क्षेत्र के युवाओं में सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। आनी विधानसभा क्षेत्र के दलाश में प्रस्तावित बहुतकनीकी संस्थान को लंबे समय से वन विभाग से मंजूरी नहीं मिल पा रही है। इससे जुड़ी फाइलें कार्यालयों में धूल फांक रही हैं। शिलान्यास के दस साल बाद भी संस्थान का कोई अता-पता नहीं है। क्षेत्र के युवा वर्षों से घरद्वार पर तकनीकी शिक्षा मिलने की आस लगाए हुए हैं। स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने सभी विभागीय औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद इस मामले को विभाग को सौंपा, लेकिन कई साल बीतने के बाद भी यह संस्थान औपचारिकताओं के फेर में फंसकर रह गया है। वर्ष 2016 में कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दलाश में बहुतकनीकी संस्थान खोलने की घोषणा की थी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले निरमंड में इसका शिलान्यास किया गया। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद भाजपा सरकार प्रदेश में सत्तासीन हुई और इस संस्थान को डिनोटिफाई कर दिया। इसका कारण भाजपा सरकार ने आधी-अधूरी नोटिफिकेशन बताया। इसके बाद भाजपा सरकार ने वर्ष 2019 में इसे कैबिनेट से स्वीकृति प्रदान करके दलाश बहुतकनीकी संस्थान में 5 ट्रेड के साथ 97 पदों को स्वीकृति प्रदान की। बीते विधानसभा चुनावों में आनी विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के समय सभी राजनीतिक पार्टियां इसे जल्द खोलने का हर मंच से वादा करती रही हैं, लेकिन चुनाव संपन्न होने के बाद बहुतकनीकी संस्थान खुलने का मामला ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। दलाश में संस्थान खुलने से आनी और दलाश क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों के युवाओं को घरद्वार पर तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा। ग्रामीण जिया लाल वर्मा, एनडी ठाकुर, भारद्वाज शर्मा, देवराज चौहान सहित अन्य लोगों ने तकनीकी शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार से संस्थान की सभी औपचारिकताएं पूरी कर संस्थान का काम जल्द शुरू करने की मांग की है।
आनी विधानसभा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार
आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर आनी विधानसभा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। इस संस्थान के लिए एफसीए पर बार-बार आपत्तियां लगाई जा रही हैं, ताकि दलाश में यह संस्थान न खुल सके। बीते विधानसभा सत्र में भी सरकार से इस संस्थान के बारे में पूछा गया था, लेकिन सरकार कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द इसकी एफसीए क्लीयरेंस पूरी नहीं करती है, तो आनी की जनता सड़कों पर उतरकर विरोध जताएगी।