करवाचौथ से एक दिन पहले बाजार में उमड़ी महिलाओं की भीड़
महिलाओं ने हाथों में लगवाई मेहंदी, चूड़ियों और शृंगार सामग्री की जमकर की खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। करवाचौथ के एक दिन पहले रामपुर बुशहर के बाजार में रौनक रही। महिलाओं ने मेहंदी लगवाने के साथ चूड़ियां, आभूषण और सोलह शृंगार के सामान की जमकर खरीदारी की। मेहंदी लगाने वालों से लेकर कॉस्मेटिक दुकानों पर चहल-पहल देखने को मिली। बाजार में मेहंदी लगवाने के दाम 150 रुपये से शुरू हैं। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार हाथों पर बेल और बारीक डिजाइन बनवा रही हैं। डिजाइन के आधार पर मेहंदी की कीमत तय की जा रही है। वहीं, लाल, हरी, गुलाबी और सुनहरे रंग की चूड़ियों के साथ आकर्षक आभूषण भी महिलाओं की पसंद बने हुए हैं।
राधिका, प्रेरणा, संगीता, वर्षा, आशा, योगिता और मीना सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि करवाचौथ पर पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं। पर्व पर सोलह शृंगार का विशेष महत्व होता है। बाजार में अधिक भीड़ है, जिस वजह से सामान खरीदने में समस्या आ रही है। महिलाएं साल भर करवाचौथ का इंतजार करती हैं। वीरवार को करवाचौथ मनाया जाएगा और सुबह से ही व्रत रखेंगी।
दुकानदार प्रमोद, सुभाष, विष्णु, राहुल और प्रेम राज सहित अन्य व्यापारियों ने बताया कि बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। कारोबार अच्छा हो रहा है। महिलाओं को शृंगार का सामान बहुत पसंद आ रहा है। पंडित देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि इस वर्ष करवाचौथ का व्रत रखना बहुत शुभ है।