कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
उपमंडल कुमारसैन में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। अब तक इन हादसों में कई लोग जान गंवा बैठे हैं। बुधवार देर रात कुमारसैन थाने के तहत सैंज में एक कार हादसाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात एक युवक कार में शिमला से रामपुर की ओर आ रहा था। रात करीब 12 बजे सैंज के समीप कार नंबर एचपी 25 ए 1936 खाई में गिर गई। हादसे में चालक विद्या रत्न (28) पुत्र स्व. दया भगत, गांव कामरू तहसील सांगला, किन्नौर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और शव को कुमारसैन अस्पताल लाया गया। यहां पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर, डीएसपी रामपुर देव कुमार नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अब तक हुए हादसे
बीते दिनों कुमारसैन के शरंबल कैंप के समीप पथ परिवहन निगम की बस हादसे का शिकार हो गई थी, जिसमें सवार 5 लोगों को हादसे में अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इस हादसे में 16 लोग घायल हो गए। वहीं लूहरी सैंज मार्ग पर एक कार हादसे में 5 लोग घायल हो गए थे। कुमारसैन के साथ लगते दत्तनगर में भी बस-बाइक की टक्कर में बाइक पर सवार युवक-युवती को मौत हो गई थी।